हजारीबाग दारू प्रखंड क्षेत्र में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। प्रखंड सह अंचल कार्यालय, थाना परिसर, प्रेस क्लब दारू, पंचायत सचिवालयों के अलावा स्वामी विवेकानंद स्कूल, ज्ञान गंगा मेमोरियल स्कूल, स्टीफन पब्लिक स्कूल, आईएमएस स्कूल सहित विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में शान से तिरंगा फहराया गया।समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद किया। प्रेस क्लब दारू में अध्यक्ष राजन सिन्हा ने सदस्यों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। दारू प्रखंड सह अंचल परिसर में प्रखंड प्रमुख कुमारी श्वेता तथा थाना परिसर में थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।दारू पंचायत सचिवालय में मुखिया सुनील कुमार, जिनगा में मुखिया पिंकी देवी और हरली पंचायत सचिवालय में मुखिया फरजाना खातून ने ध्वजारोहण किया। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति संकल्प लिया। पूरे प्रखंड में दिनभर देशभक्ति का माहौल रहा।










