500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली प्रभात फेरी, दिखी देश की विविधता

500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली प्रभात फेरी, दिखी देश की विविधता

अनेक राज्यों की संस्कृति और महापुरुषों की झांकी ने लोगों को किया मंत्रमुग्ध

बड़कागांव मॉडर्न पब्लिक स्कूल बड़कागांव की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश से ओत-प्रोत इस प्रभात फेरी ने पूरे प्रखंड में विशेष आकर्षण पैदा किया। विद्यालय की ओर से इतने लंबे तिरंगे के साथ प्रभात फेरी निकालकर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास किया गया।

प्रभात फेरी में विद्यालय के छात्र-छात्राएं भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हुए पंजाबी, सिंधी, मराठी और झारखंडी समाज सहित विभिन्न समुदायों की झलक प्रस्तुत की। इसके अलावा भारत माता, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, डॉ. भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, भगवान बिरसा मुंडा और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जीवंत झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय जवान और किसान की भूमिका निभाकर देश की सुरक्षा और विकास में उनके योगदान का संदेश दिया। वहीं, ‘हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई—आपस में हैं भाई-भाई’ तथा ‘भारत मां के चार सिपाही’ जैसे संदेशों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया। झांकियों और विद्यार्थियों की प्रस्तुति को देखकर सड़क किनारे मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए और उन्होंने प्रभात फेरी की जमकर सराहना की।

प्रभात फेरी को सफल बनाने में विद्यालय के निदेशक कुलदीप कुमार, प्राचार्य मोहम्मद इब्राहिम, रंजीत कुमार, संतोष कुमार, महबूब आलम, अजमतउल्लाह, मंजू कुमारी, सेवंती कुमारी, शांति कुमारी, अनुज कुमार राणा, विकास कुमार, शिल्पी कुमारी, फातिमा शेख, मनोज कुमार, मनीषा कुमारी, मुन्नी कुमारी, संजय कुमार, अजीत कुमार, खिरोधर कुमार और सुमन देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।